karnataka politics yediyurappa: Karnataka Political Crisis: BJP MLA demands to remove Yediyurappa as CM: उत्तराखंड के बाद अब कर्नाटक में सीएम येदियुरप्पा को हटाने की मांग

हाइलाइट्स:
- उत्तराखंड में सीएम फेस को बदले अभी 10 दिन ही हुए हैं कि अब कर्नाटक में येदियुरप्पा को हटाने की मांग
- बागी MLA बसनगौड़ा पाटिल यतनाल ने कहा कि चुनाव से पहले सीएम पद से येदियुरप्पा को हटाना जरूरी
- पाटिल ने येदियुरप्पा पर पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए कहा कि निधियों के समान बंटवारे नहीं किए गए
उत्तराखंड में सीएम फेस को बदले अभी 10 दिन ही हुए हैं कि अब कर्नाटक में येदियुरप्पा को हटाने की मांग तेज हो गई है। बीजेपी के बागी विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल ने यहां तक कह दिया है कि आगामी चुनाव से पहले बीजेपी को सीएम पद से येदियुरप्पा को हटाना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के बाद कर्नाटक में भी बदलाव होगा।
बागी विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुप्पा पर फिर से निशाना साधते हुए रविवार को दावा किया कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के बाद कर्नाटक के नेतृत्व में बदलाव निश्चित है। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी उनके (येदियुरप्पा) नेतृत्व में आगामी चुनाव नहीं लड़ सकती है।
अस्तित्व कायम रखने के लिए येदियुरप्पा को हटाना जरूरी
येदियुरप्पा पर लगातार निशाना साध रहे यतनाल ने कहा, ‘मुख्यमंत्री निश्चित ही बदले जाएंगे। यदि बीजेपी उनके साथ चुनाव लड़ती है, तो हार तय है।’ उन्होंने आगे कहा कि अगर बीजेपी को कर्नाटक में अपना अस्तित्व कायम रखना है, तो येदियुरप्पा को बाहर करना जरूरी है। विधायक ने कहा कि यह बदलाव पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद होगा।
येदियुरप्पा पर लगाया पक्षपात करने का आरोप
पाटिल ने मुख्यमंत्री येदियुरप्पा पर पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विधायकों को निधियों के समान बंटवारे नहीं किए गए। बसनगौड़ा पाटिल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘मैंने करप्शन और वंशवाद की राजनीति के खिलाफ हमेशा आवाज उठाई है। मैं केवल वाजपेयी और नरेंद्र मोदी का महिमामंडन करता हूं। इन दोनों नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार का एक भी केस नहीं है। मैं उन लोगों का महिमामंडन कैसे कर सकता हूं जो वंशवाद की राजनीति करते हैं और भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।’
तीन राज्यों के सीएम बदलेगी बीजेपी?
विधायक ने आगे कहा, ‘येदियुरप्पा को दक्षिण भारत का आखिरी बीजेपी सीएम नहीं होना चाहिए। कर्नाटक में अगले 10-20 के लिए बीजेपी के मुख्यमंत्री होना चाहिए।’ इस दौरान पाटिल ने यह भी दावा किया कि बीजेपी हाईकमान 3 मुख्यमंत्रियों को बदलने वाली है। उन्होंने कहा कि इस पर काफी वक्त से चर्चा चल रही है। उत्तराखंड के बाद अब हरियाणा और कर्नाटक की अगली बारी है।
समाचार एजेंसी भाषा से मिले इनपुट के साथ

बीएस येदियुरप्पा (फाइल फोटो)